ब्रह्म मुहूर्त

जानिए शास्त्रों के हिसाब से क्यों महत्वपूर्ण है ब्रह्म मुहूर्त !

ब्रह्म मुहूर्त – ज्‍योतिष शास्‍त्र में मुहूर्त को विशेष महत्‍व दिया गया है।

हिंदू धर्म में कोई भी शुभ काम करने से पहले शुभ मुहूर्त निकलवाना बहुत जरूरी होता है। लेकिन क्‍या आप जानते हैं कि ये मुहूर्त क्‍या होता है?

खगोलीय स्थिति के आधार पर दिन के 24 घंटों की दशा बनाने वाली तालिका को मुहूर्त कहा जा सकता है। ज्‍योतिष में दिन के 24 घंटों में 30 मुहूर्त होते हैं। दिन-रात का 30वां भाग मुहूर्त कहलाता है यानि 2 घटी या 48 मिनट का कालखंड एक मुहूर्त कहलाता है।

सूर्योदय से पहले होते हैं दो मुहूर्त

रात का चौथा प्रहर होता है ब्रह्म मुहूर्त जिसे सबसे अधिक शुभ माना जाता है। सूर्योदय से पहले दो मुहूर्त होते हैं। इसमें पहले ब्रह्म मुहूर्त और उसके बाद विष्‍णु मुहूर्त पड़ता है। घड़ी के अनुसार देखा जाए तो प्रात: 4.24 बजे से 5.12 के मध्‍य का समय ब्रह्म मुहूर्त के अंर्तगत आता है। ये समय सुबह में तो आता है किंतु इस समय सूर्य नहीं दिखाई देता है। हिंदू धर्म में कई कारणों से ब्रह्म मुहूर्त को महत्‍वपूर्ण माना गया है।

इस मुहूर्त की खास बातें

– जीवन पर ब्रह्म मुहूर्त का बुहत सकारात्‍मक असर पड़ता है। इस दौरान किया गया हर शुभ कार्य कई गुना फल देता है। कुछ कार्य ऐेसे हैं जो इस मुहूर्त में किए जाएं तो अधिक फल देते हैं।

–  ब्रह्म मुहूर्त में मेडिटेशन करना सबसे ज्‍यादा फायदेमंद रहता है। इस दौरान वातावरण बिलकुल शांत होता है और वायु में निर्मलता और शुद्धता रहती है। इस समय मन की एकाग्रता को भंग करने के लिए आसपास कुछ नहीं होता है। इस मुहूर्त में किए गए ध्‍यान से शारीरिक और मानसिक लाभ होते हैं।

– धार्मिक प्रवृत्ति के लोगों को ब्रह्म मुहूर्त में ही पूजन करना चाहिए। ये समय प्रार्थना के लिए सबसे अनुकूल माना जाता है। कहते हैं कि इस समय देवी-देवता भ्रमण करते हैं और आपका आवाह्न सरलता से ग्रहण कर लेते हैं।

इस मुहूर्त में न करें ये काम

– ये मूहूर्त काफी शुभ माना जाता है इसलिए इस दौरान अपने जीवन में किसी भी तरह की नकारात्‍मकता को प्रवेश न करने दें। इस समय किसी भी तरह की बातचीत, झगड़े, बहस और तनाव से बचें।

– शास्‍त्रों के अनुसार इस दौरान सेक्‍स, मादक द्रव्‍यों का प्रयोग, यात्रा को निषेध माना गया है।

– इस मूहूर्त में शांति बनाए रखने का प्रयास करें। ब्रह्म मुहूर्त में शोर न  मचाएं और पूजा-पाठ भी शांति से करें।

ब्रह्म मुहूर्त में किया गया कोई भी कार्य शुभ फल देता है और जीवन से सारे कष्‍टों को खत्‍म कर देता है।

Share this post