किस देवता के पूजन में किस फूल

जानें! किस भगवान को पसंद है कौन सा फूल !

किस देवता के पूजन में किस फूल – फूलों की सुगंध न केवल इंसानों बल्कि ईश्‍वर को भी अतिप्रिय होती है।

कहते हैं कि फूलों की खुशबू से घर की नकारात्‍मक शक्‍तियां दूर हो जाती हैं और इनकी मधुर सुगंध से वहां रहने वाले लोगों के मन को शांति मिलती है। भगवान को भी उनके प्रिय पुष्‍प चढ़ाकर प्रसन्‍न किया जा सकता है। पूजन में बस इस बात का ध्‍यान रखें कि आप किस देवता के पूजन में किस फूल का प्रयोग कर रहे हैं।

दरअसल, प्रत्‍येक भगवान को अलग-अलग फूल पसंद हैं इसलिए आपको ये जरूर पता होना चाहिए कि किस देवता के पूजन में किस फूल का प्रयोग करना चाहिए।

आज हम आपको बताते हैं कि किस देवता के पूजन में किस फूल का प्रयोग करना चाहिए।

किस देवता के पूजन में किस फूल –

1 – भगवान गणेश

वैसे तो भगवान गणेश को सभी फूल पसंद होते हैं लेकिन फूलों के अतिरिक्‍त गणेश जी को दूर्वा बहुत पसंद होती है। इसलिए गणेश जी के पूजन में उन्‍हें शीघ्र प्रसन्‍न करने के लिए दूर्वा का उपयोग जरूर करें। गणेश जी के पूजन में तुलसीदल का प्रयोग कभी न करें।

2 – भगवान शिव

भगवान शिव तो बड़े भोले हैं, वे अपने भक्‍तों की भक्‍ति से ही प्रसन्‍न हो जाते हैं। भगवान शिव के पूजन में धतूरे के पुष्‍प, हरसिंगार के फूल और नागकेसर के फूलों का प्रयोग करना चाहिए। साथ ही शिवजी को कमलगट्टे के सूखे फूल, कनेर के फूल, कुसुम के फूल और आक के पुष्‍प अतिप्रिय होते हैं। भगवान शिव के सभी भक्‍त ये तो जानते ही होंगें कि उन्‍हें बेलपत्र सबसे ज्‍यादा पसंद होते हैं और शिव का पूजन बेलपत्र के बिना संपूर्ण नहीं होता है। ध्‍यान रहे भगवान शिव के पूजन में सेमल, कदम्‍ब, अनार, शिरीष, माधवी, केवड़ा, मालती, जूही और कपास के फूल नहीं चढ़ाने चाहिए।

3 – सूर्य देव

सूर्य देव को कुटज के पुष्‍प प्रिय होते हैं। कुटज के फूलों के अलावा सूर्य देव को आक, कनेर, कमल, चंपा, पलाश, अशोक, बेला और मालती के फूल भी चढ़ाए जा सकते हैं। सूर्य देव को आक का फूल अर्पित करने से बहुत पुण्‍य मिलता है। साथ ही सूर्य देव को लाल रंग के फूल भी बहुत पसंद होते हैं।

4 – मां गौरी

जो फूल भगवान शिव को चढ़ाए जाते हैं वहीं मां गौरी को भी प्रिय होते हैं। इसके अतिरिक्‍त मां गौरी को बेला, सफेद कमल, पलाश और चंपा के फूल भी चढ़ाए जा सकते हैं।

5 – मां दुर्गा

ये तो सभी जानते हैं कि मां दुर्गा को लाल रंग के पुष्‍प ही सबसे ज्‍यादा प्रिय होते हैं। इसके अलावा आप गुडहल के फूल भी मां दुर्गा के पूजन में प्रयोग कर सकते हैं। यदि कोई नवरात्रि या शुक्रवार के दिन मां दुर्गा को लाल गुलाब या गुलहड़ का फूल अर्पित करे तो उस व्‍यक्‍ति को आर्थिक संकटों से मुक्‍ति मिलती है।

6 – श्रीकृष्‍ण

महाभारत में श्रीकृष्‍ण ने स्‍वयं कहा था कि उन्‍हें कुमुद, करवरी, चणक, मालती, नंदिक, पलाश और वनमाला के फूल अतिप्रिय हैं।

किस देवता के पूजन में किस फूल – देवताओं के पूजन में पुष्‍प अर्पित करने का बहुत महत्‍व होता है। अपने ईष्‍ट देव की पसंद से फूल अर्पित करने से वे जल्‍दी प्रसन्‍न होते हैं और आपकी मनोकामना पूर्ण करते हैं।

Share this post